रामपुर। ज्वालानगर में बनकर तैयार हुए देश के सबसे बड़े पीएम स्वनिधि गलियारे का उद्धघाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। वह फरवरी में रामपुर आ सकते हैं।रामपुर में जाम की समस्या आम है। वजह है अव्यवस्थित बाजारों का लगना। ज्वालानगर में तो हालात इतने खराब थे कि आधे से अधिक सड़क पर फलों और सब्जियों के ठेले लग जाते थे, जबकि बाकी सड़क ई-रिक्शा वाले घेर लेते थे। ऐसे में इस समस्या के समाधान के लिए विधायक ने ज्वालानगर में पीएम स्वनिधि गलियारा बनवाया।
विधायक ने फलों और सब्जियों के दुकानदारों से बात की और नगर पालिका के अधिकारियों के साथ काम शुरु कर दिया, जो अब पूरा हो चुका है। शनिवार को शहर विधायक आकाश सक्सेना ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने पीएम स्वनिधि गलियारे के बारे में जानकारी दी और गलियारे का उद्धघाटन करने का प्रस्ताव रखा, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया है। विधायक आकाश सक्सेना ने बताया कि फरवरी में मुख्यमंत्री रामपुर आ सकते हैं और पीएम स्वनिधि गलियारे का उद्धघाटन करेंगे।
पीएम स्वनिधि गलियारे में तीन सौ से अधिक रेहड़ी पटरी के दुकानदारों को व्यवस्थित किया गया है। गलियारे में फल, सब्जी, किराना आदि सभी तरह की दुकानें मौजूद हैं। इसमें दुकानदानों को स्थायी जगह के साथ छत उपलब्ध कराई गई है।