रामपुर। बिलासपुर में श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के चारों साहिबजादों की शहादत की याद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विद्यार्थी विभाग ने सोमवार को नगर में बाल व शिशु पथ संचलन का आयोजन किया। नागरिकों ने बाल स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साह वर्धन किया।सोमवार की सुबह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में सभी स्वयं सेवक नगर में हाईवे स्थित राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में एकत्र हुए। यहां आयोजित गोष्ठी में मुख्य वक्ता जिला प्रचारक अजीत कुमार ने कहा कि जिस तरह श्री गुरु गोविंद सिंह महाराज जी के चारों साहिबजादों ने राष्ट्र धर्म के लिए अपने प्राणों को निछावर कर दिया। इस तरह से उनसे सभी को प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र धर्म की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। इसके बाद पथ संचलन का शुभारंभ हुआ। पथ संचलन इंटर कॉलेज से रामपुर रोड होता हुआ नगर के मुख्य चौराहे पहुंचा। इसके बाद माटखेड़ा रोड से शिवबाग मंडी के पीछे कैनाल रोड होता हुआ डाकखाना रोड से रामपुर रोड से पुन: राजकीय इंटर कॉलेज में पहुंचकर संपन्न हो गया।
नागरिकों ने बाल स्वयंसेवकों पर पथ संचलन के दौरान पुष्प वर्षा कर उनका उत्साह वर्धन किया। बाल व शिशु पथ संचालन में चल रहे बाल स्वयंसेवकों का उत्साह देखते ही बन रह था। इसके बाद कॉलेज में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। इस मौके पर पालिका अध्यक्ष चित्रक मित्तल, जिला प्रचारक अजीत कुमार, नगर खंड प्रचारक गगन कुमार, नगर संघ चालक प्रदीप मित्तल, नगर शारीरिक प्रमुख अमित कुमार, खंड कार्यवाह समीर कुमार, खंड संचालक सुखदर्शन सिंघल, भाजपा नगर अध्यक्ष चेतन परुथी, तरुण सक्सेना, नित्यानंद आदि स्वयंसेवियों ने व्यवस्था संभाली।