रामपुर में बाल विवाह की सूचना पर पहुंची चाइल्ड लाइन व बाल कल्याण समिति ने किशोरी की शादी रुकवा दी। साथ ही उसके परिजनों को चेतावनी दी कि अगर किशोरी के बालिग होने से पहले उसकी शादी कराई गई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चाइल्ड लाइन मुरादाबाद की ओर से अवगत कराया गया कि थाना शहजादनगर क्षेत्र के एक गांव में बाल विवाह हो रहा है। सूचना मिलने के बाद चाइल्ड लाइन व बाल कल्याण समिति की टीम पहुंच गई।
वहां पहुंचने पर पता चला कि गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपनी 13 साल की बेटी की शादी तय कर दी है और सोमवार को बरात आनी है। घर में शादी की तैयारी चल रही थी। मौके पर पहुंचने के बाद टीम ने शादी रुकवा दी। चाइल्ड लाइन कि जिला समन्यवयक नवनीत कौर ने बताया कि थाना शहजादनगर क्षेत्र में बाल विवाह की सूचना मिलने पर पुलिस और चाइल्ड लाइन टीम ने अजन अहमद और शिवम सिंह के माध्यम से गांव भेजकर बाल विवाह रुकवा दिया गया है।
किशोरी के परिजनों को बाल कल्याण समिति रामपुर के सदस्य रजनी शर्मा और सदस्य अंजुम आरा के समक्ष प्रस्तुत कर चेतावनी दी गई। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपनी नाबालिग बेटे या बेटी की शादी न करें। ऐसा करना अपराध है। यदि ऐसी सूचना मिलती है तो बाल कल्याण समिति की ओर से कानूनी कार्रवाई की जाएगी।