रामपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीबीएसई) की दसवीं और 12वीं की परीक्षा बृहस्पतिवार से शुरू हो गईं। 13 में से दो केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया। पहले दिन दसवीं के एक छात्र और 12वीं के 45 छात्रों ने परीक्षा दी।बृहस्पतिवार को दसवीं की पेंटिंग की परीक्षा हुई। यह परीक्षा बिलासपुर के होली चाइल्ड स्कूल में आयोजित की गई। इस परीक्षा के लिए महज एक परीक्षार्थी पंजीकृत था। वहीं 12वीं की एंटरप्रेन्योरशिप (उधमशीलता) विषय की परीक्षा हुई। यह परीक्षा दयावती मोदी अकादमी में आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए कुल 46 बच्चे पंजीकृत थे, जिसमें से एक परीक्षार्थी गैरहाजिर रहा। इस दौरान 45 बच्चों ने परीक्षा दी। परीक्षा सुबह 10:30 बजे से शुरू हुई जो कि डेढ़ बजे तक चली।
-
19 से शुरू होंगी मुख्य विषयों की परीक्षा
रामपुर। जिले में मुख्य विषयों की परीक्षा 19 फरवरी से होगी। परीक्षा के लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद ने सभी स्कूलों को तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं। सीबीएसई की दसवीं और 12वीं की परीक्षा के लिए पहली बार स्वार में लीड इंटरनेशनल स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सीबीएसई की दसवीं और 12वीं की परीक्षा में रामपुर में 13 केंद्र बनाए गए हैं। इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से तैयारियां तेज की गई हैं। छह हजार परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे, सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा होगी। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को इस संबंध में आदेश जारी किया गया है कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन कराई जाए। किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
कुल पंजीकृत परीक्षार्थी
दसवीं : 3500, 12वीं : 2500
-
सीबीएसई परीक्षा बृहस्पतिवार से शुरू हो गई है। पहले दिन कुल 46 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। मुख्य परीक्षा के लिए सभी केंद्रों में तैयारियां की जा रही हैं। नीरज तिवारी, सिटी कोऑर्डिनेटर, सीबीएसई