केमरी। करीब एक माह पूर्व ई-रिक्शा की टक्कर से एक महिला की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। ग्राम शिवनगर निवासी जानकी प्रसाद ने बताया कि 31 अक्तूबर की सुबह उनकी पत्नी सविता खेत से चारा लेकर घर आ रही थीं। तभी गंगापुर कदीम की ओर से आ रहे ई-रिक्शा चालक ने लापरवाही से टक्कर मार दी। टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया और सविता गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें पहले निजी अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें जिला अस्पताल रामपुर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। संवाद