रामपुर। राम रहीम पुल पर स्कूटी सवार युवकों द्वारा एक युवक को बीच में बिठाकर मारपीट करने के वायरल वीडियो के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि, दूसरे पक्ष ने भी आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।सोशल मीडिया पर बृहस्पतिवार को एक वीडियो वायरल हुआ था। यह वीडियो राम रहीम पुल का बताया गया था। वायरल वीडियो में स्कूटी सवार युवकों द्वारा एक युवक को बीच में बैठाकर पीटा जा रहा था। यह वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई थी। पुलिस के पास पीड़ित युवक परिजनों के साथ पहुंचा, जहां उसने मामले की तहरीर दी।
युवक का कहना था कि उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर एक युवती का मैसेज आया था। जिसके बाद दोनों की कई दिनों तक बात होती रही। इसकी जानकारी युवती के भाई को मिली तो युवती के भाई ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर रास्ते में उसे पकड़ लिया और स्कूटी पर बैठाकर चप्पल से पिटाई की। इसके बाद एक सिनेमा हॉल के पास युवती के भाई के दोस्तों ने युवक के साथ मारपीट की, जिसमें वह घायल हो गया।
घटना का वीडियो बनाकर आरोपियों ने वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने पर युवक के परिजनों को जानकारी मिली। पुलिस ने इस मामले में गुल्लू, कुन्नू रावत, जितिन और काके के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस इस मामले में दो लोगों को पकड़कर पूछताछ कर रही है। युवती पक्ष के लोगों ने भी कई आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस अजय मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।