रामपुर। हाईवे पर खड़ी बस में एक कार पीछे से घुस गई। कार सवार चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
जिला शाहजहांपुर के अलीगंज निवासी अब्दुल नूर भारतीय कंटेनर निगम दादरी में सहायक तकनीकी अधिकारी के पद पर तैनात हैं। सोमवार की शाम वह कार से अपने साथी शमशुद्दीन खान निवासी जलाल नगर थाना सदर जिला शाहजहांपुर व राजू निवासी बिजलीपुर थाना सदर जिला शाहजहांपुर से नोएडा जा रहे थे।
शाम पांच बजे जैसे ही कार मिलक स्थित हाईवे पर पहुंची तो कार चला रहे शमशुद्दीन को नींद की झपकी आ गई और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी प्राइवेट बस में जा घुसी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। मौके पर मौजूद हाईवे की पुलिस टीम ने कार को बस के पीछे से निकलवाया। कार को काटकर तीनों कार सवारों को बाहर निकाला गया।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से तीनों को नगर के सरकारी अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद राजू को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं अब्दुल नूर व शमसुद्दीन को परिजन अपने साथ बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए।