रामपुर। मेला ठेकेदार की मारूति कार लालपुर रोड पर अचानक चालक को झपकी आने की वजह से करीब 20 फुट गहरी खाई में जाकर पलट गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने काफी प्रयास के बाद कार में फंसे चालक को बाहर निकाला। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया।मुरादाबाद के पीपलसाना थाना क्षेत्र के कोहरुआ गांव निवासी अमरीश मेले में ठेकेदारी करता है। वह रविवार को मारूति कार से लालपुर की ओर आ रहा था। अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और कार 20 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। लोगों ने किसी तरह गहरी खाई में उतरकर कार में फंसे अमरीश को बाहर निकाला। उसके मामूली चोटें आई हैं। अमरीश ने बताया कि उसे अचानक नींद की झपकी आ गई थी, जिसकी वजह से कार का संतुलन बिगड़ गया। कार को निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।