रामपुर। सवारी लेने जा रही एक कार नैनीताल हाईवे स्थित पीलाखार पुल से घने कोहरे के कारण अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। हालांकि, चालक ने कार गिरने से पहले ही कूदकर अपनी जान बचा ली। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।शहजादनगर थाना क्षेत्र के ग्राम लालूनगला निवासी सोनू सैनी अपने बहनोई की इको टैक्सी पर ड्राइवर हैं। सोनू के अनुसार वह मंगलवार की रात करीब 12 बजे वह रामपुर से सवारियां लेने रुद्रपुर जा रहा था। भोट थाने के ग्राम सनकरा में पीलाखार पुल पर पहुंचते ही कोहरा ज्यादा होने की वजह से कार अनियंत्रित हो गई। वह तुरंत कार से कूद गया और कार नदी में जा गिरी। हालांकि, नदी में इस समय पानी नहीं है।
चलती कार से कूदने के चलते सोनू के शरीर पर हल्की खरोंचे आयी हैं। हादसे की जानकारी वाहन स्वामी गोविंद व अपने परिजनों को दी। रात में ही परिजनों के साथ वह अपने घर चला गया। थाना प्रभारी निशा खटाना ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने पर उन्होंने मौके पर जाकर मुआयना किया। वाहन स्वामी ने बीमा कंपनी द्वारा सर्वे करने के बाद टैक्सी नदी से निकलवाने की बात कही।