रामपुर। होली की शाम बाइक से घूमने जा रहे एक ई-रिक्शा चालक को कार सवार ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मय कार के फरार हो गया। घटना की रिपोर्ट अज्ञात चालक के खिलाफ दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
यह हादसा नैनीताल रोड पर सोमवार की शाम को हुआ। सोमवार की शाम ताशका निवासी 24 वर्षीय राजू पुत्र मंगलसेन होली खेलने के बाद घर से कहीं घूमने के लिए निकला था। नैनीताल रोड पर उसकी बाइक को तेज रफ्तार आती कार ने टक्कर मार दी,जिससे बाइक सवार मौके पर ही गिर गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी साथ ही घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद राजू के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया है। बाद में शव को परिजनों के सुर्पुद कर दिया है। बाद में इस मामले में अज्ञात कार चालक के खिलाफ तहरीर दी गई,जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंसपेक्टर सिविल लाइंस अजय मिश्रा के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही कार चालक को भी पकड़ लिया जाएगा।