रामपुर। भारतीय किसान यूनियन के 16 फरवरी को भारत बंद के दौरान किसान खेतों में भी कामकाज नहीं करेंगे। भाकियू पदाधिकारियों ने गांवों का भ्रमण कर किसानों और मजदूरों से संपर्क कर भारत बंद को सफल बनाने का आह्वान किया। जिला सलाहकार सलामत जान के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने किसानों और मजदूरों से आह्वान किया है कि वह भारत बंद को ऐतिहासिक बनाने के लिए कमर कस लें।
उन्होंने कहा कि भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के आह्वान पर 16 फरवरी को भारत बंद का कार्यक्रम है। इस बंद में किसानों और मजदूरों को समन्वय बनाकर सफलता हासिल करनी है। देश में डीजल और पेट्रोल की महंगाई से प्रत्येक वर्ग जूझ रहा है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा। आम आदमी महंगाई से त्रस्त है। इन सब मामलों को लेकर बंद को ऐतिहासिक बनाना है ताकि सरकार को आम जनता की मांगें पूरी करनी पड़ें।
भाकियू की टीम ने गांव के नानकर रानी, गूलड़ पीपलसाना, मझरा हसन, बिजारखाता, मानपुर उत्तरी और नरपतनगर-दूंदावाला में किसानों से संपर्क किया और 16 फरवरी को भारत बंद सफल बनाने के लिए मजदूरी व खेतों पर काम भी न करने का आह्वान किया। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष अमीर अहमद, जिला उपाध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह जिला, नगर अध्यक्ष जसवीर सिंह, लखविंदर सिंह गिल, सुंदर सिंह और मुनव्वर अली आदि मौजूद रहे।