रामपुर। बाहरी डिपो से आने वाली बसें रोडवेज बस अड्डे के अंदर नहीं आती हैं। इसके चलते यात्रियों को बस अड्डे के बाहर सड़क पर खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है। ठंड में ठिठुरते हुए यात्री सड़क पर खड़े रहते हैं। कोहरे में सड़क पर खड़े होकर इंतजार करना खतरनाक भी हो सकता है।
मुरादाबाद, बरेली या अन्य डिपो से आने वाली बसें रामपुर डिपो के बाहर खड़ी हो जाती हैं और कुछ देर रुककर चली जाती हैं। ऐसे में जो यात्री बस अड्डे के अंदर बैठे होते हैं, वो इंतजार करते रह जाते हैं। यात्री रात में घने कोहरे के बीच बसों को पकड़ने के लिए सड़कों पर ही खड़ी रहते हैं। ऐसे में हादसे की संभावना बनी रहती है। एआरएम दीपचंद्र जैन ने कहा कि बसों को बस अड्डे के अंदर खड़ी करने के निर्देश दिए गए हैं। फिर भी अगर बसें अंदर नहीं जा रही हैं तो कार्रवाई की जाएगी।