मिलक। कोतवाली क्षेत्र के गांव के जंगल में आग लगने से चार किसानों की एक एकड़ से ज्यादा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के ज्योहरा गांव के जंगल में शुक्रवार को गुलडिया भाट गांव निवासी राम किशोर और ज्योहरा गांव निवासी ज्वर सिंह, ओम प्रकाश और ब्रजपाल के गेहूं के खेत में अचानक आग लग गई। सूचना पर खेतों पर काम करने वाले किसान और ग्रामीण आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। किसानों ने निर्माणाधीन बिजलीघर पर पानी के भरे टैंकरों और ट्रैक्टरों से जुताई कर आग पर काबू पा लिया। आग से एक एकड़ से ज्यादा की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। आग लगने की सूचना पर तहसीलदार अशोक कुमार सिंह राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और स्थलीय निरीक्षण किया। तहसीलदार ने बताया कि राजस्व टीम आग से हुए नुकसान का आंकलन कर रही है।