रामपुर। बसपा प्रत्याशी जीशान खां ने शुक्रवार को अपने समर्थकों के साथ शहर विधानसभा में मोहल्ला कुंडा का भ्रमण किया। इस दौरान घर-घर जाकर विकास के नाम पर वोट की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता अब आशा भरी नजरों से बसपा को देख रही है। पिछली सरकारों ने जनता को ठगने का काम किया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने विकास के नाम पर वोटरों को छलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जनता का प्यार वोट के रूप में उनको मिल रहा है। कहा कि निश्चित रूप से रामपुर में विकास की गंगा बहाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं के लिए उनका निरंतर प्रयास रहेगा।
बसपा प्रत्याशी ने कहा कि जनता को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। कहा कि सड़क, बिजली और पानी की व्यवस्था को बेहतर कराते हुए अन्य कई व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने का काम भी करेंगे। इसके बाद वह स्वार-टांडा विधानसभा के विभिन्न गांवों में जाकर अपने पक्ष में मतदान की अपील की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रमोद निरंकारी, सलीम खां, शाहब खां, हबीबुर्रहमान खां, मोमीन खां आदि मौजूद रहे।