रामपुर। आजम खां की जौहर यूनिवर्सिटी की एक बिल्डिंग में लिफ्ट के कमरे में किताबों का जखीरा छिपाया गया है। जुआ खेलने के आरोप में गिरफ्तार किए गए अनवार और सालिम की निशानदेही पर पुलिस ने मंगलवार को लिफ्ट के कमरे की दीवार तोड़ कर किताबें निकालीं। पुलिस को शक है कि जो किताबें बरामद हुई हैं उसमें मदरसा आलिया से चोरी हुई किताबें भी शामिल हैं। मदरसा आलिया से किताबें चोरी होने का मुकदमा 2019 में अज्ञात के खिलाफ दर्ज है।
पुलिस ने विधायक अब्दुल्ला आजम के करीबी अनवार और सालिम को रविवार को जुआ खेलने के आरोप में गिरफ्तार किया था दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने सोमवार को जौहर यूनिवर्सिटी में गड्ढा खोदकर दबाई गई सफाई करने वाली मशीन बरामद की थी। अनवार और सालिम को रिमांड पर लेने के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर मंगलवार को जौहर यूनिवर्सिटी में छुपा कर रखी गई किताबों का जखीरा बरामद किया है। किताबों को बोरी और कपड़े में बांधकर लिफ्ट के कमरे में रखा गया था दीवार चुनवा दी गई थी। ताकि किसी को कुछ पता नहीं चल सके। अनवार और सालिम की निशानदेही पर पुलिस ने दीवार तोड़कर किताबों से भरी बोरियों को निकाला। इसमें अधिकांश किताबें उर्दू और फारसी की हैं, जो देखने में काफी पुरानी लग रही हैं। इसमें कई धार्मिक किताबें भी हैं। एएसपी संसार सिंह ने बताया कि मदरसा आलिया से 2019 में लगभग नौ हजार किताबें चोरी हो गईं थीं। इसमें लगभग 2500 किताबें तो बरामद हो गई थीं, लेकिन लगभग छह हजार किताबें नहीं मिलीं थीं। उन्होंने बताया कि सोमवार को मदरसा आलिया के प्रधानाचार्य जुबैर ने कहा था कि हमारी किताबें कहां छुपा गईं हैं, इस बारे में अनवार और सालिम को पता है। एएसपी ने बताया कि पूछताछ करने पर अनवार और सालिम ने बताया कि उनको पता है कि किताबें कहां छुपाई गई हैं। किताबों को जौहर यूनिवर्सिटी के मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग में लिफ्ट के कमरे में छुपाया गया था। दोनों की निशानदेही पर किताबों को बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि किताबों की गिनती का काम चल रहा है। इसके बाद इनके बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि मदरसा आलिया से चोरी हुई किताबों के मामले में गंज थाने में पहले से अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।