रामपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी सोमवार को रामपुर आएंगे। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद वह पहली बार रामपुर आ रहे हैं। लिहाजा भाजपाइयों ने उनके जोरदार स्वागत की तैयारी की है। पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता उनका जोरदार स्वागत करेंगे।
रामपुर में विधानसभा उपचुनाव चल रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर उनको जीत का मंत्र देंगे। सोमवार की सुबह 11 बजे वो यहां पहुंचेंगे। हाईवे पर जीरो प्वाइंट के पास पार्टी के नेता और विभिन्न सामाजिक संगठन उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद आंबेडकर पार्क, जिला सहकारी बैंक, रेलवे स्टेशन चौराहा, गुरूद्वारा रोड, चीनी मिल गेट, शौकत अली रोड राधा तिराहा, ज्वालानगर पुल, ज्वालानगर तिराहा, कृष्णा मंदिर समेत विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग सामाजिक संगठन एवं स्वयंसेवी संगठनों के कार्यकर्ता उनका जोरदार स्वागत करेंगे। इसमें महिलाओं की भी बडी तादाद में भागीदारी रहेगी। इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष सांवरिया पार्क में बूथ सम्मेलन को संबोधित करेंगे। जिसमें रामपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथ स्तर के कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे। सम्मेलन में प्रदेश के वित मंत्री सुरेश खन्ना भी शामिल हैं। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में पैक्सपेड के चेयरमैन सूर्यप्रकाश पाल, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, जिला प्रभारी राजीव सिसौदिया, जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, मिलक विधायक राजबाला, पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन लाल सैनी, सुरेश गंगवार, मोहन लोधी, डॉ तनवीर अहमद खां, भारत भूषण गुप्ता, जुगेश अरोड़ा कुक्कू, अनिल वशिष्ठ, धनंजय पाठक समेत सभी प्रमुख लोग उपस्थित रहे।