रामपुर। जिले के सभी क्रय केंद्र प्रभारियों, एजेंसियों के प्रबंधक, राइस मिलर्स एवं कृषकों के साथ जिला सहकारी बैंक सभागार में राज्यमंत्री जलशक्ति विभाग और जिलाधिकारी की उपस्थिति में बैठक की गई। बैठक में राज्यमंत्री और जिलाधिकारी ने धान खरीद के दौरान पारदर्शी व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने के संबंध में जरूरी निर्देश दिए। राज्यमंत्री बलदेव औलख ने कहा कि जिले में शासन द्वारा निर्धारित प्रावधान के अनुसार खरीद हो और किसी भी स्तर पर लापरवाही और अनियमितता की शिकायतें नहीं आनी चाहिए। जिलाधिकारी ने बैठक में मौजूद किसानों की भी समस्याएं सुनीं और उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के लिए जरूरी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी केंद्रों पर किसानों को बेहतर सुविधाएं मिलें और उनके साथ बेहतर व्यवहार हो। इस संबंध में यदि किसी केंद्र से शिकायत मिलती है तो सख्त कार्रवाई होगी। संवाद