रामपुर/शाहबाद। सपा नेता आजम खां की गैरमौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने उनका जन्मदिन मनाया। कार्यकर्ताओं ने दोपहर एक बजे केक काटा और आजम खां की दीर्घायु की कामना की।
दारूल अवाम स्थित सपा कार्यालय पर तयशुदा कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ता एकत्र हुए। इसके बाद वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में केक काटा गया। इससे पूर्व सुबह दस बजे कुरआन ख्वानी की गई। सभी कार्यकर्ताओं ने एक सुर में कहा कि आजम खां ने तमाम मुश्किलों के बाद मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को खड़ा किया है, लेकिन सरकार उनके रास्ते में रोड़ा अटकाने का काम कर रही है। आजम खां, अब्दुल्ला आजम और उनके परिवार के लोगों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए, जो एक चिंता का सबब है। सभी ने आजम खां की दीर्घायु की कामना की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, आसिम राजा, मसूद गुड्डू, प्रमोद गंगवार, अखिलेश कुमार, अमरजीत सिंह, विजय सिंह, शाहजेब खां आदि मौजूद रहे। वहीं, संभल में भी आजम खां का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। केक काटकर अस्पतालों में जाकर मरीजों को फल वितरित किए। साथ ही आजम खां के बेहतर स्वास्थ्य को लेकर सभी ने दुआ की। इस मौके पर आजम खां के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू, जुगनू खां, अकरम हुसैन, आरिफ खां, मोनिस कुरैशी, जबर सिंह यादव, सतवीर यादव आदि मौजूद रहे।
शाहबाद नगर में पूर्व चेयरमैन मतलूब अहमद अंसारी के निवास एवं कैंप कार्यालय पर रविवार को क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एकत्र हुए। सपा नेता आजम खां के जन्मदिन पर कुरान-ए-पाक की तिलावत कर दुआ की गई। इस मौके पर केक भी काटा गया। इस मौके पर तौकीर ठेकेदार, बदन सिंह यादव, शप्पू खान, नाजिम खान, साबिर अहमद, सैयद साकिब, सुनील पांडेय आदि मौजूद रहे। संवाद