रामपुर। बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार अंकित (25) की मौत हो गई। अजीमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम हरैटा निवासी अंकित खेती करता था। रविवार सुबह नैनीताल हाईवे पर हादसा हुआ। पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया।रविवार सुबह करीब 10 बजे अंकित बाइक से रुद्रपुर की ओर जा रहा था। पुलिस के अनुसार, नगर में नैनीताल हाईवे पर आंबेडकर पार्क के समीप पीछे से आ रही उत्तराखंड के हल्द्वानी डिपो की बस ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक व परिचालक बस से कूदकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं पुलिस ने सवारियों को अन्य वाहनों के जरिये गंतव्य को भेजकर बस कोतवाली भेज दी। कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं रविवार की सुबह माटखेड़ा रोड पर स्वार बस अड्डा के समीप एक अज्ञात वाहन चालक ने एक युवक को टक्कर मार दी, जिससे युवक घायल हो गया।