रामपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पालिका के सफाई कर्मी राहुल (32) की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे सफाई कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका भाई घायल हो गया। घायल का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह हादसा रविवार देर रात गांधी समाधि के पास हुआ है। शहर कोतवाली क्षेत्र के हाथीखाना निवासी राहुल पुत्र महेंद्र (32) रामपुर नगर पालिका में सफाई कर्मचारी थे। रविवार की देर रात वह अपने छोटे भाई आकाश के साथ बाइक पर सवार होकर गांधी समाधि की ओर जा रहे थे। रास्ते में धोबी घाट के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका भाई आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहुल के शव को कब्जे में ले लिया है, जबकि घायल आकाश को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने राहुल के शव का पोस्टमार्टम कराया है। शहर कोतवाल पवनवीर सिंह राणा ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। दूसरा घायल है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। टक्कर किस वाहन ने मारी इसकी जानकारी नहीं हो सकी है।