रामपुर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक बाइक सवार ग्रामीण को रौंद दिया। ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस ने चालक की तलाश शुरू कर दी है।पटवाई थाना क्षेत्र के मढ़ौली मझरा गांव निवासी 45 वर्षीय चंद्रपाल मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। चंद्रपाल शनिवार को दोपहर में बाइक पर सवार होकर रामपुर की तरफ आ रहे थे। तभी पंजाबनगर के पास एक लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही चंद्रपाल सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। घटना स्थल पर ट्रैक्टर ट्राॅली खड़ी रही। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने चंद्रपाल के शव को कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार चंद्रपाल के परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी। उनकी पत्नी चंद्रावती लंबे समय से बीमार हैं और घर की पूरी जिम्मेदारी चंद्रपाल पर थी। सिविल लाइंस थाना प्रभारी ओमकार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। दुर्घटनाग्रस्त लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया है। जबकि क्षतिग्रस्त बाइक अजीतपुर चौकी में खड़ी कराई गई है। चालक की तलाश की जा रही है।