मिलक। शनिवार देर रात धनेली उत्तरी स्थित हाईवे बाईपास मोड़ पर एक ट्रक चालक ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक घायल हो गया। घायल युवक को बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नगर के मोहल्ला साहू जी नगर निवासी जयप्रकाश गंगवार (23) और खमरिया गांव निवासी सुनील कुमार बाइक से घर वापस आ रहे थे। इस बीच बाईपास पर एक ट्रक चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में जयप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की चीख-पुकार सुनकर नजदीक ढाबे पर मौजूद लोग घटनास्थल पहुंचे। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों को नगर के सरकारी अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने जयप्रकाश को मृत घोषित कर दिया हादसे में घायल दूसरे युवक को रेफर कर दिया गया। मृतक के परिजन खबर मिलने पर अस्पताल पहुंचे। कोतवाल सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए बरेली भिजवाया गया है। मृतक के परिजनों की तहरीर मिलने पर पुलिस विधिक कार्रवाई करेगी।