रामपुर। गंज थाना क्षेत्र में एक मकान में बैटरी फटने के बाद आग लग गई। आग लगने से घरेलू सामान जलकर राख हो गया। फायर बिग्रेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
क्षेत्र के मोहल्ला घेर नज्जू खां निवासी शहजाद अली के मकान की तीसरी मंजिल पर इनर्वटर और बैटरी रखे हुए थे। यहां स्टोर में रविवार की शाम अचानक से शार्ट सर्किट हुआ और तेज धमाके के साथ बैटरी भी फट गई। जिससे तेजी से आग फैल गई। आग की लपटें मकान में उठता देख आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। घर में मौजूद परिवार के सदस्य भी घर से किसी तरह बाहर निकल आए। इस बीच सूचना फायर बिग्रेड को दी गई। सूचना मिलने के बाद फायर बिग्रेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद फायर बिग्रेड ने किसी तरह आग पर काबू पाया। फायर विभाग की टीम ने बैटरी को भी हटा दिया है। आग की वजह से घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। परिजनों के अनुसार आग से लाखों का नुकसान हो गया।