दो जन्म प्रमाणपत्र के मामले में सपा नेता आजम खां, उनकी पत्नी डाॅ. तजीन फात्मा, बेटे अब्दुल्ला आजम खां दोषी करार दिए गए हैं। उनको कोर्ट ने सात साल की सजा सुनाई है। कोर्ट से सजा सुनाए जाने के बाद वह जिला कारागार में बंद हैं। आजम व अब्दुल्ला एक साथ बैरक में हैं, जबकि डॉ. तजीन फात्मा महिला बैरक में है। अलग-थलग पड़ी तजीन फात्मा और आजम खां का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान उनका बीपी बढ़ा हुआ निकला, जिस पर डाॅक्टर ने उन्हें दवा भी दी। शुक्रवार को भी यहां उनसे मिलने कोई नहीं पहुंचा। हालांकि, आजम के बड़े बेटे अदीब आजम ने मुलाकात करने के लिए पर्ची लगाई थी, लेकिन उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। शुक्रवार को भी आजम व अब्दुल्ला अपनी बैरक से बाहर निकलकर नहीं आए हैं। वह बैरक में ही आराम करते रहे। जेल अधीक्षक प्रशांत मौर्य ने बताया कि शुक्रवार को दोनों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया था। जांच के बाद दवा भी दे दी गई है। बताया कि अदीब आजम की पर्ची लगी थी, लेकिन वह पर्ची लगाने के बाद मिलने नहीं पहुंचे थे।