रामपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी जोगिंदर सिंह ने बृहस्पतिवार को शाहबाद क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। किरा गांव में प्राथमिक विद्यालय में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र बंद मिलने पर डीएम ने परियोजना अधिकारी को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही आंगनबाड़ी वर्कर का मानदेय रोकने का आदेश दिया।निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी सबसे पहले पटवाई में तैनात स्थायी निगरानी टीम द्वारा चेकिंग प्रक्रिया का जायजा लिया। जिसके बाद उन्होेंने किरा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय व यहां बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। मिड-डे मिल की जानकारी ली तो स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। उन्होंने बीएसए को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
प्राथमिक विद्यालय किरा के परिसर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद मिला, जिस पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए आंगनबाड़ी वर्कर का मानदेय रोकने तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी को पर्यवेक्षण में लापरवाही बरतने के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय जाहिदपुर में भी संतोषजनक स्थिति नहीं मिली।
विकास खंड कार्यालय शाहबाद परिसर के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। जहां मॉडल बूथ तैयार कराने के लिए एसडीएम सुनील कुमार को जरूरी निर्देश दिए। गंदगी का ढेर मिलने पर एडीओ पंचायत को फटकार लगाई। नवीन मंडी परिसर शाहबाद में गेहूं खरीद का जायजा लिया। इस दौरान मंडी सचिव अफगार आलम से गेहूं के रेट के बारे में जानकारी ली और रोजाना रेट लिखने वाली सूची तलब की। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जे जैन और एसडीएम शाहबाद सुनील कुमार मौजूद रहे।