रामपुर। एडीएम हेम सिंह ने सोमवार को नवीन मंडी स्थित सभी 19 गेहूं खरीद केंद्रों का निरीक्षण कर गेहूं की खरीद में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी केंद्र प्रभारियों की बैठक में केंद्रों पर गेहूं की आवक न होने पर मोबाइल सेंटर के जरिये घर-घर व किसानों के खेतों पर पहुंचकर गेहूं की खरीद के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने गेहूं के अवैध भंडारण पर कार्रवाई के निर्देश दिए।एडीएम रविवार दोपहर नवीन मंडी पहुंचे। उन्होंने एसडीएम हिमांशु उपाध्याय व मंडी समिति सचिव सोमेंद्र कौशिक की मौजूदगी में सभी 37 क्रय केंद्रों पर खरीदे गए गेहूं की समीक्षा की। गेहूं की खरीद काफी पिछड़ जाने पर नाराजगी जताई। इसके बाद मंडी समिति परिसर में लगे सभी 19 गेहूं खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। केंद्र प्रभारियों ने बताया कि आढ़तों पर किसानों को गेहूं की कीमत सरकारी केंद्र से अधिक मिल रही है, जिसके कारण केंद्रों पर गेहूं की आवक नहीं हो पा रही है।
इसके बाद एडीएम ने मंडी समिति कार्यालय में सभी केंद्र प्रभारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि सभी केंद्र प्रभारी मोबाइल सेंटरों के जरिये किसानों के खेतों व घर-घर पहुंचकर गेहूं की खरीद करें। उन्होंने अवैध भंडारण पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गेहूं की कालाबाजारी करने वाले लोगों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। बैठक में एसडीएम, मंडी समिति सचिव, सभी केंद्र प्रभारी मौजूद रहे।
2400 रुपये क्विंटल की दर से हुई नीलामी
नगर की नवीन मंडी में एडीएम हेम सिंह ने तराई खाद व्यापार संघ की अध्यक्ष सुनील गुप्ता की आढ़त पर लगे गेहूं के दो ढेरों की नीलामी एसडीएम हिमांशु उपाध्याय व मंडी समिति सचिव सोमेंद्र कौशिक की मौजूदगी में कराई। दोनों ढेर करीब 80-80 क्विंटल गेहूं के थे। पहली ढेर की नीलामी 2330 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हुई। जबकि, दूसरे ढेर की नीलामी 2400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हुई।