रामपुर। अयोध्या में बने राममंदिर को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने के आरोप में सोमवार को पुलिस ने बाइक मैकेनिक वसीम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर टिप्पणी की थी। 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर पुलिस सतर्क है। सिविल लाइंस क्षेत्र के मिलक चिकना गांव निवासी वसीम ने राममंदिर को लेकर इंस्टाग्राम पर टिप्पणी की। अर्जुन गुप्ता नाम के यूजर ने एक्स के जरिये रामपुर पुलिस को टैग करते हुए इसकी शिकायत की। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी वसीम को गिरफ्तार कर लिया। अजीतपुर चौकी प्रभारी रितेश शुक्ला ने सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि वसीम बाइक मैकेनिक है। वह केरल में काम करता है। इन दिनों अपने घर आया हुआ है। उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और गलत टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।