रामपुर। अनियमितता के आरोप में घिरे सनातन धर्म इंटर कालेज के लिपिक की बहाली के बाद भी मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही है। अब प्रबंधक के प्रार्थना पत्र पर कोर्ट ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं। सनातन धर्म इंटर कालेज में प्रबंध समिति व स्टाफ के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। प्रबंधतंत्र ने यहां के लिपिक शिवकांत अग्रवाल को अनियमितताओं के आरोप में सस्पेंड कर दिया था। जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रबंधतंत्र के फैसले को पलटते हुए उसे बहाल करने के आदेश जारी कर दिए। इस बीच प्रबंधक पंकज अग्रवाल ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट की शरण ली। कोर्ट में प्रबंधक ने लिपिक पर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाने के साथ ही संस्थागत रूप से बीएससी और बीएड करने का भी आरोप लगाया। कहा कि इस दौरान वह विद्यालय से वेतन भी लेता रहा। कोर्ट से इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने लिपिक शिवकांत अग्रवाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश पुलिस को दिए हैं।