रामपुर। गर्मी की शुरुआत होते ही बिजली विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टिंग कर नजर तिरछी करनी शुरू कर दी है। बुधवार रात धमोरा बिजली घर पर करीब चार घंटे की रोस्टिंग की गई, जिससे बिजली घर से जुड़े तीन दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम में पारा चढ़ने के साथ ही ग्रामीणों की दिक्कतें भी बढ़नी शुरू हो गई है। वीआईपी जिले में शामिल रामपुर में नगर क्षेत्र में तो कोई खास कटौती नहीं होती लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में गर्मी का मौसम आते ही विभाग द्वारा रोस्टिंग कर अघोषित कटौती शुरू कर दी जाती है। इस कारण ग्रामीणों को भयंकर गर्मी में दिन और रात परेशान होना पड़ता है। बुधवार रात को कंट्रोल रूम से मिले मैसेज के बाद धमोरा बिजली घर की सप्लाई रात करीब दस बजे बंद कर दी गई। इसके बाद रात करीब एक बजे सप्लाई चालू की गई लेकिन कुछ घंटों बाद ही दोबारा बंद कर दी गई, जिससे धमोरा बिजली घर से जुड़े करीब तीन दर्जन गांवों के लाखों ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में शेड्यूल के मुताबिक दिन में सप्लाई नहीं दी जाती है अगर बिजली आती भी है तो कुछ देर के लिए ही आती है। जिसके चलते ग्रामीण रात में बिजली आने पर ही पानी के टैंक भरने से लेकर अन्य कार्य करते हैं। दिन में बिना लाइट गर्मी से बेहाल ग्रामीणों को रात में भी कटौती से सुकून नहीं मिला। जेई जयहिंद ने बताया कि कंट्रोल के मैसेज पर रोस्टिंग की गई थी।