रामपुर। मुस्लिम समाज के खिलाफ विवादित भाषण देने के मामले में विश्व हिंदू परिषद नेता प्रवीण तोगड़िया के खिलाफ रामपुर में परिवाद दायर किया गया है। अधिवक्ता ने उनके बयानों के आधार पर सीजेएम कोर्ट में परिवाद दायर किया है। कोर्ट ने परिवाद स्वीकार करते हुए बयान के लिए दो मई की तारीख तय की है। विहिप नेता प्रवीण तोगड़िया ने दो दिन पहले मुस्लिम समाज के खिलाफ विवादित बयान दिया था, जिस पर देशभर में हंगामा मचा हुआ है। इस मामले में रामपुर कोर्ट में परिवाद दायर किया गया है। अधिवक्ता रेहान खां ने सीजेएम कोर्ट में परिवाद दायर किया, जिसमें आरोप लगाया कि हिंदू-मुस्लिम दंगा कराने के लिए तोगड़िया ने भाषण दिया है। इससे देश के मुस्लिम समाज के लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। तोगड़िया दो वर्गों में वैमन्स्यता का माहौल पैदा करना चाहते हैं। उनका आरोप है कि इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने को पुलिस की भी शरण ली, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने कोर्ट की शरण ली। सीजेएम आरपी पांडेय ने परिवाद को स्वीकार करते हुए बयान के लिए दो मई की तारीख निश्चित की है।