मिलक। एआरटीओ कौशलेंद्र प्रताप सिंह यादव ने डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान बिना परमिट दौड़ने वाली एक स्कूल बस और दो मैजिक सीज किए।
रविवार को हाईवे पर एआरटीओ कौशलेंद्र प्रताप सिंह यादव ने डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान भैरो बाबा मंदिर के पास सेे एक स्कूल बस गुजर रही थी। बस रोकने पर जांच की तो बस में बारात थी। जबकि बस से बारात ढोने का परमिट नहीं था और न ही स्कूल का परमिट था। इस पर एआरटीओ ने बस को कब्जे में ले लिया और उसको लेकर कोतवाली ले आए। कोतवाली में बस को सीज कर दिया और बस को पुलिस के हवाले कर दिया। अभियान के दौरान दो मैजिक चालक एआरटीओ के हत्थे लग गए। जिनको पकड़कर कोतवाली ले आए। मैजिक चालक के कागजात कब्जे में ले लिए। इस पर एक मैजिक चालक की एआरटीओ से नोक-झोेंक भी हुई। मामला तूल पकड़ने पर चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। एआरटीओ ने दोनों मैजिक सीज कर दिए।