रामपुर। बाहरी जनपदों से रामपुर को 98 शिक्षक मिले हैं,जिनको बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शुक्रवार को स्कूलों का आवंटन कर दिया गया। इस दौरान विभाग के अफसर भी मौजूद रहे।कुछ समय पहले प्रदेश में 68500 शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया हुई थी। उस वक्त दूरस्थ जनपदों में रहने वाले शिक्षकों को उनके गृह जनपद में नियुक्ति न देकर दूसरे जनपदों में नियुक्ति मिली थी,जिसके बाद विभाग में लंबे समय से शिक्षकों को उनके गृहजनपदों या फिर करीबी जनपदों में भेजे जाने की मांग उठी थी। विभाग ने इसको लेकर आदेश जारी किया है। इसी क्रम में पिछले दिनों रामपुर से 48 शिक्षक रामपुर से अपने गृह जनपद या फिर उसके करीबी जनपद में स्थानांतरित कर दिए गए थे। अब विभाग की ओर से 98 शिक्षकों को रामपुर भेजा गया है। इन सभी शिक्षकों को स्कूलों का आवंटन शुक्रवार को किया गया। बीएसए कल्पना सिंह के मुताबिक शुक्रवार को 40 शिक्षिकाओं समेत 98 शिक्षकों को स्कूलों का आवंटन नियमानुसार कर दिया गया। इन सभी को स्कूलों के आवंटन पत्र जारी कर दिए गए हैं। यह शिक्षक जल्द ही अब स्कूल में पढ़ाएंगे। इस दौरान दफ्तर में भारी गहमागहमी देखी गई।