धमोरा (रामपुर)। शहजादनगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो ने साइकिल सवार वृद्ध को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वृद्ध गंभीर रुप से घायल हो गया। जिसको जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। शहजादनगर थाना क्षेत्र के जीवाई कदीम गांव निवासी शंकर लाल (60) खेती किसानी करके परिवार का पालन पोषण करते थे। इन दिनों शंकर लाल कंवाइन से लोगों के गेहूं निकालने का काम कर रहे थे।बुधवार को शंकर लाल साइकिल से धमोरा बाजार आए थे।जैसे ही बाजार करके घर के लिए निकले इसी दौरान धमोरा बाईपास पर बरेली की ओर से आई तेज रफ़्तार अनियंत्रित बोलेरो ने शंकरलाल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही शंकरलाल बोलेरो के नीचे फंस गए।घटना की जानकारी पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई । पुलिस ने गंभीर रुप से घायल शंकर लाल को जिला अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टर ने शंकरलाल को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।