रामपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जिले भर में हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा 2022 के लिए आनलाइन 77 परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया है। इन परीक्षा केंद्रों पर 44859 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। वर्ष 2022 की उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षाओं की तैयारियां शुरू हो गई है। इसके लिए पिछले महीने परीक्षा केंद्रों की जियो टैगिंग कराई गई थी। बोर्ड की ओर से अफसरों ने आकर परीक्षा केंद्रों का मुआयना भी किया था। इसके आधार पर माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जिले में 77 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। इन परीक्षा केंद्रों में 21 राजकीय इंटर कॉलेज 17 अशासकीय सहायता प्राप्त इंटर कॉलेज और 39 मान्यता प्राप्त इंटर कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया है। पिछले वर्ष जिले भर में 75 परीक्षा केंद्रों का निर्धारण हुआ था लेकिन , कोरोना संक्रमण के चलते हाई स्कूल इंटर की परीक्षा नहीं हो पाई थी। सभी परीक्षार्थियों को प्रवेश परीक्षा के ही उत्तीर्ण घोषित कर दिया गया था। जिला विद्यालय निरीक्षक मुनेश कुमार ने बताया कि बोर्ड द्वारा निर्धारित परीक्षा केंद्रों के संबंध में अगर किसी को भी कोई आपत्ति है तो वह 13 फरवरी तक उनके कार्यालय में आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है। इसके बाद कोई भी आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।