रामपुर। प्रशासन की चेतावनी के बाद भी चुनाव के लिए चल रहे प्रशिक्षण में पांच जोनल मजिस्ट्रेट समेत 69 कर्मचारी नहीं पहुंचे ,जिस पर सीडीओ ने उन्हें अंतिम मौका देते हुए साफ कहा कि यदि 31 को कर्मचारी गैरहाजिर रहे तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। लोकसभा चुनाव के लिए मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम दयावती मोदी एकेडमी में आयोजित किया जा रहा है। शुक्रवार को प्रशिक्षण का दूसरा दिन था। दूसरे दिन प्रथम पाली में 1122 मतदान कार्मिकों को 22 प्रशिक्षकों तथा 44 मास्टर ट्रेनरों द्वारा विभिन्न कक्षों में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण स्थल पर सामान्य प्रेक्षक धनराजू एस द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया गया। उन्होंनेकहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्मिकों को उत्कृष्ट स्तर का प्रशिक्षण दिया जाए। प्रत्येक मतदान कार्मिक अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा के साथ करते हुए निष्पक्ष, स्वतंत्र, शुचितापूर्ण एवं शांतिपूर्ण मतदान करने में अपना योगदान दें। कहीं भी किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही न बरती जाए।
द्वितीय पाली में 204 माइक्रो आब्जर्वर, दिव्यांग बूथ के कार्मिकों एवं 85 वर्ष से ऊपर की आयु के मतदाताओं को उनके घर पर ही मतदान कराने के लिए लगाए गए कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। तृतीय पाली में 189 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 40 जोनल मजिस्ट्रेट को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में 28 पीठासीन अधिकारी, 25 मतदान अधिकारी, 6 माइक्रो आब्जर्वर, 5 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 5 जोनल मजिस्ट्रेट अनुपस्थित रहे।
मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी कार्मिक प्रशिक्षण नंदकिशोर कलाल द्वारा निर्देश दिए गए की अनुपस्थिति कार्मिक 31 मार्च को होने वाले प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त कर लें। अन्यथा उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर विभागीय कार्यवाही भी की जाएगी। प्रशिक्षण में सहायक प्रभारी अधिकारी कार्मिक प्रशिक्षण एवं जिला पंचायत अधिकारी जाहिद हुसैन, सह जिला विद्यालय निरीक्षक हरिनाथ, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र जायसवाल आदि उपस्थित रहे।