रामपुर। 16 फरवरी से शुरू होने वाली यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों के लिए प्रवेशपत्र जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में पहुंच चुके हैं। प्रवेशपत्र का सभी विद्यालयों में वितरण कराया जा रहा है। पहले दिन नगर क्षेत्र के विद्यालयों को प्रवेश पत्र दिए गए।
बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल में 26435 और इंटरमीडिएट में 22693 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे। पांच फरवरी को बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं संपन्न हो चुकी हैं। अब परीक्षार्थियों के लिए प्रवेश पत्रों का वितरण भी शुुरू हो चुका है। वहीं दूसरी तरफ अभी जिले में उत्तर पुस्तिकाएं व प्रश्नपत्र नहीं पहुंचे हैं। इससे केंद्र व्यवस्थापक दुविधा में हैं। उनका कहना है कि पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या के हिसाब से मिलान कर लेते। यदि कोई अंतर होता तो इसे समय रहते दुरुस्त कर लिया जाता है। परीक्षा केंद्र के प्रत्येक कमरे में कक्ष निरीक्षक परिचय पत्र लगाकर ड्यूटी करेंगे। एक कमरे में दो कक्ष निरीक्षकों को तैनात किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रवेश पत्र पहुंच चुके हैं। परीक्षार्थियों को उनके विद्यालय से प्रवेशपत्र दिया जाएगा।