बिलासपुर। कुछ साइबर अपराधियों ने सोशल मीडिया पर एक कार का मॉडल दिखाकर एक ग्रामीण से 43200 ठग लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मानपुर ओझा की पद्मा नगर कॉलोनी निवासी गोपाल मंडल शनिवार की दोपहर कोतवाली पहुंचा। उसने पुलिस से शिकायत की कि कुछ दिनों पूर्व उसने सोशल मीडिया पर एक कार का ऐड देखा था, जिसमें 45000 रुपये की कार बेचे जाने की बात कही गई। उसने कार बेचने वाले व्यक्ति से फोन पर बात किया तो उसने स्वयं को देहरादून का निवासी बताते हुए 45000 रुपये में कार बेचे जाने की बात कही। पीड़ित का आरोप है कि उसने दो मर्तबा उसके बताए खाते में 43200 की धनराशि आनलाइन भेज दी। इसके बाद भी उसने उन्हें कार नहीं भेजी। अब वह उक्त फोन नंबर पर बात करता है तब कार बेचने वाला व्यक्ति उससे बात नहीं करता है। उन्होंने स्वयं को ठगे जाने की बात कहते हुए पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने व धोखाधड़ी कर ठगे गए रुपये वापस दिलाने की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ हर्षिता सिंह ने उक्त मामले में अनिभिज्ञता जताई है।