रामपुर। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन की रूपरेखा तय की है। इसको लेकर उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उनका कहना था कि संविदा कर्मचारियों को समान कार्य के साथ समान वेतन दिलाने एवं संविदा कर्मियों का स्थायी समायोजन समेत तमाम मांगे की जा रही हैं, लेकिन इसके बाद भी सरकार की ओर से मांगों को लेकर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 18 जनवरी को सभी संविदा कर्मचारी काला फीता बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। 19 जनवरी को दो घंटे का कार्य बहिष्कार होगा। 20 जनवरी को पूरे दिन का कार्य बहिष्कार होगा, जबकि 21 जनवरी को अनिश्चितकालीन हड़ताल होगी। इस मौके पर मोहम्मद उवैस, विजेन्द्र सिंह आर्य, दानिश हुसैन, चन्द्रपाल सिंह, जसप्रीत सिंह आदि उपस्थित रहे।