रामपुर। पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने स्वार-टांडा के विधायक अब्दुल्ला आजम के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि उन्हें भी अपने पिता की तरह नवाबों से डरने की बीमारी हो गई है। नवेद मियां ने सोमवार को जारी बयान में कहा है कि विधायक से लोग नाराज हैं। अलीनगर-नूरपुर में चंद लोग थे। मदरसे के बच्चों को बुलाकर सभा की गई और जब लोगों ने मेरे समर्थन में नारे लगाये तो विधायक आपा खो बैठे। लोगों का कहना था कि दूसरे की निधि के कार्यों का उद्घाटन कर जनता को गुमराह कर रहे हैं, जब विधायक ने मेरे खिलाफ बोला तो गांव के लोगों ने उनसे सवाल किया कि नवेद मियां ने तो टांडा तहसील बनवाई, लालपुर-धनौरी बांध बनवाया, लेकिन आपने कुछ करने के बजाय लालपुर पुल तुड़वा दिया। इस पर विधायक नाराज होकर चले गए। नवेद मियां ने कहा कि विधायक मेरे खिलाफ बोलने के बजाय लालपुर पुल तुड़वाने के लिए पांच लाख लोगों से माफी मांगनी चाहिए।