रामपुर। शनिवार को भी कांवड़ियों के गुजरने का सिलसिला जारी रहा। हाईवे पर कई स्थानों पर कांवड़ियों का स्वागत कर जलपान कराया गया। सावन माह का तीसरा सोमवार 13 अगस्त को है। इसके बाद सिर्फ एक सोमवार ही सावन माह में आएगा। इस लिहाज से इस तीसरे सोमवार पर बड़ी संख्या में कांवड़िये शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे। एक अनुमान के मुताबिक जिले भर में ही सावन के तीसरे सोमवार पर करीब पचास हजार से अधिक कांवड़िये जलाभिषेक करेंगे। स्थानीय कांवड़िये रविवार से आने शुरू हो जाएंगे। शनिवार को आसपास के जनपदों के कांवड़िये ब्रजघाट और हरिद्वार से कांवड़ लेकर नगर से गुजरे। इन कांवड़ियों का मंसूरपुर बाईपास से लेकर पनवड़िया तक कई स्थानों पर शिविर लगाकर श्रद्धालुओं ने स्वागत किया और जलपान कराया। बारिश होने और आसमान में बादल छाए रहने से कांवड़ियों की यात्रा सुगम बनी। कई शिविरों में देवरूपों में सजे कलाकारों ने भजनों पर नृत्य किया, जिनके साथ कांवड़िये भी जमकर नाचे।