रामपुर। बृहस्पतिवार को होने वाले लोकसभा उपचुनाव के मतदान के लिए जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। जमीन से लेकर आसमान तक जवानों की नजर होगी। जिले में करीब बीस हजार पुलिस कर्मी और जवान मतदान को शांतिपूर्ण कराने की कमान संभालेंगे। जिले में बृहस्पतिवार को लोकसभा उपचुनाव के लिए मतदान होने हैं, जिसको लेकर पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। जिले में बैरियर लगाकर चेकिंग की जाएगी। लोकसभा उपचुनाव के लिए जिले में 1123 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिले में करीब बीस हजार सिपाही, दरोगा, इंस्पेक्टर, सीओ, एएसपी समेत अर्धसैनिक बलों के जवान, पीएसी के जवान मतदान के दौरान सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। पुलिस बल तैनात करने के साथ ही ड्रोन कैमरे से भी नजर रखी जाएगी।