रामपुर। बिना बताए चुनावी ड्यूटी के प्रशिक्षण से गायब रहने के मामले में एक शिक्षक पर सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है। 23 अप्रैल को मतदान होना है। उसके लिए सभी जिले भर के शिक्षकों के अलावा अन्य विभागों में तैनात कर्मचारियों की मतदान में डयूटी लगाई है।जिसको लेकर पनवड़िया में अधिकारियों के द्वारा सभी को डयूटी के बारे में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके चलते 23 मार्च से लेकर 29 मार्च और 14 अप्रैल को भी ट्रेनिंग कराई गई थी। इस दौरान जिले भर के कर्मचारी यहां पर आए थे लेकिन बिलासपुर में स्थित राजकीय इंटर कालेज में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात देवेंद्र सिंह चुनावी ट्रेनिंग से गायब रहे थे। इस मामले की जानकारी अधिकारियों को दी गई थी। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर दे दी। इस आधार पर पुलिस ने उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच शुरु कर दी है।