रामपुर। राजीव गांधी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को पहला सेमीफाइनल मुकाबला हुआ। गोल्डन क्लब और यंग इलेवन के बीच हुए सेमीफाइनल मैच काफी रोमांचक रहा और गोल्डन क्लब ने दस रन से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। शहीद ए आजम स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में टास जीतकर गोल्डन क्लब ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गोल्डन क्लब ने निर्धारित 25 ओवर में 9 विकेट पर 178 रन बनाए। जिसमें सिद्धू ने 44, श्रीकांत ने 40 और आकिब ने 24 रन की पारी खेली। यंग इलेवन की ओर से गेंदबाजी करते हुए पार्थ, अभिरात और रोहित ने तीन-तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए यंग इलेवन की टीम 25 ओवर में 168 रन ही बना सकी और आलआउट हो गई। यंग इलेवन की ओर से पार्थ ने 32, फैज ने 28 और रोहित ने 25 रन बनाए। गोल्डन क्लब की आरे से फाजिल ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। आकिब ने दो और शाहनवाज ने एक विकेट लिया। मैच में अंपायरिंग मोहसिन रईस, डिंपल और नासिर खां ने की। इस मौके पर सैयद आदिल मियां, मामून शाह, रहमान अली, आमिर कुरैशी, महफूज मंसूरी, शहरोज मंसूरी, नौमान खां आदि मौजूद रहे।