रामपुर। रजा लाइब्रेरी द्वारा ब्लैक लिस्टेड कंपनी को टेंडर देने का मामला केंद्रीय सतर्कता आयोग पहुंच गया है। लोक न्याय संस्थान के राज्य मुख्य निदेशक फैसल मुमताज ने दिल्ली पहुंच कर केंद्रीय सतर्कता आयोग से रजा लाइब्रेरी के डायरेक्टर द्वारा पद का दुरुपयोग कर ब्लैक लिस्टेड कंपनी को निजी स्वार्थ के लिए डिजिटिलाइजेशन का टेंडर देने की सबूतों सहित शिकायत की है। जिस पर आयोग ने शिकायत को रजिस्टर्ड कर जल्द जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फैसल मुमताज का कहना है कि उन्होंने आयोग को बताया की रजा लाइब्रेरी डायरेक्टर द्वारा लाइब्रेरी कर्मचारियों के साथ मिलकर भ्रष्टाचार और निजी स्वार्थ के लिए पद का दुरुपयोग किया जा रहा है। दर्जनों शिकायतों के बाद भी डायरेक्टर ने ब्लैक लिस्टेड कंपनी को लाखों रुपयों का टेंडर दे दिया।