अमर उजाला ब्यूरो
रोहडू। बीते सात सालों से निर्माणाधीन दुर्गा माता मंदिर में करोड़ों की लागत से नए लंगर भवन का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। जुलाई माह के दूसरे सप्ताह मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह लंगर भवन का उद्घाटन करेंगे। मंदिर न्यास की बैठक में लंगर भवन के उद्घाटन की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। मंदिर न्यास की बैठक की अध्यक्षता हाटकोटी मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं एसडीएम रोहडू घनश्याम दास शर्मा ने की। बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि मंदिर में बीते साल सालों से निर्माणाधीन भवन का निर्माण कार्य पूण हो चुका है। निर्माण कार्य न्यास की देखरेख में किया गया। इस दौरान सभी सदस्यों ने सहमति व्यक्त की है कि लंगर भवन का उद्घाटन मुख्यमंत्री से करवाया जाए। मुख्यमंत्री मंदिर परिसर के जीर्णोद्धार की आधारशिला व एक नए सराय भवन की आधारशिला भी रखेंगे। हाटकोटी से विराटनगर तक बनाए गए मार्ग का उद्घाटन भी किया जाएगा। मंदिर न्यास के सदस्य एवं हिमुडा के उपाध्यक्ष श्यवंत छाजटा ने बताया कि मार्च माह में मुख्य मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए सरकार से एक करोड़ रुपये की राशि न्यास के मिली है। बैठक में डीएसपी रोहडू मदन कांत शर्मा, न्यास के सदस्य प्रकाश चंद रेटका, एसडीओ लोनिवि मनोज भारद्वाज, नायब तहसीलदार जुब्बल सहित सभी विभागों के अधिकारी एवं मंदिर न्यास के सदस्य उपस्थित थे। होटकोटी मंदिर न्यास की बैठक में न्यास सदस्य भगवान सिंह खिमटा के लंबी बीमारी के बाद निधन पर उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। भगवान सिंह का दो दिन पहले उनके गांव अस्तांदली में निधन हुआ है।