रामपुर। मदरसा जामेतुल बनात में दसवां वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। जिसमें परीक्षाफल का वितरण करते हुए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया। खारी कुआं स्थित मदरसे में कार्यक्रम की शुरुआत गुलफिजा की पुर कैफियत तिलावते कुरान ए अजीम से हुआ। मदरसे की छात्रा उम्मेहानी ने तिलावत करदा कुरान ए करीम के हिस्से का उर्दू भाषा में अनुवाद किया। इसके बाद तरन्नुम ने सहपाठियों के साथ बारगाहे इलाही में हम्द का नजराना पेश किया। नाजिया ने हदिया ए नात पेश की तो कनीज फात्मा ने तकरीर पेश की। सुबहाना ने इस्लाम की तबलीग के उनवान से तकरीर पेश करते हुए बुराइयों को रोकने की अपील की। कार्यक्रम में हजरत किबला मुफ्ती महबूब अली साहब ने जुमला हाजरीन का शुक्रिया अदा किया। जलसे की निजामत आमना सुवालेहातीने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सिकंदर जमानी ने मदरसे को आर्थिक सहायता प्रदान की। जलसे में बहैसियत सदर पहुंची नगर पालिकाध्यक्ष फात्मा जबी ने विभिन्न कक्षाओं में पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया।