रामपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की अवधारणा को साकार करने के लिए एचबीएनसी दस दिवसीय प्रशिक्षण पांच-पांच दिन दो भागों में पूर्ण हुआ। प्रशिक्षण में 106 नई आशा कार्यकर्ता शामिल हुईं। प्रशिक्षणोपरांत अब यह आशा स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराएंगी। शुक्रवार को सभी सफल प्रतिभागी आशाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर डीसीपीएम प्रभात कुमार ने कहा कि आज से आप सभी की जिम्मेदारी माता और शिशु की घर पर देखभाल की होगी। किसी भी प्रकार की चिकित्सा नवजात शिशु और धात्री माताओं को दिलाने के लिए सदैव तत्पर रहना होगा। 42 दिन तक जिम्मेदारी के साथ नवजात शिशु एवं धात्री के घर पर सात बार दौरे करते हुए उनको ख़तरे से बचा कर रखना होगा। प्रशिक्षक डॉ के एस चौहान , डॉ रमेश, सईद एहमद और विवेक गौतम मौजूद रहे।