रामपुर बुशहर।
उपमंडल रामपुर की तहसील ननखड़ी के खोलीघाट में शनिवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से दुकानों में छापामारी की गई। इसके चलते दुकानों से मूल्य सूची गायब होने पर पांच दुकानों के अधिकारियों ने चालान किए। विभाग ने हिमाचल प्रदेश वस्तु मूल्यांकन एवं प्रदर्शन आदेश 1977 के अंतर्गत सब्जी विक्रेताओं और करियाना दुकानों का निरीक्षण किया। 20 दुकानों में छापामारी की गई। इसके अतिरिक्त दुकानों में वस्तुओं की रेट लिस्ट न लगाने पर कई का सामान जब्त किया गया। खाद्य आपूर्ति निरीक्षक खोलीघाट पंकज शर्मा ने बताया कि जल्द ही इस मामले को समहर्ता के सामने कार्रवाई के लिए रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों में मूल्य सूची लगाने की हिदायत दी गई है।