रामपुर। विधानसभा चुनाव के अंतर्गत 14 फरवरी को मतदान संपन्न होने के उपरांत अब 10 मार्च को मतगणना के लिए प्रशासनिक स्तर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के निर्देशानुसार रामपुर शहर स्थित जिला सहकारी बैंक सभागार में दो पालियों में मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। मतगणना प्रशिक्षण के दौरान प्रथम पाली में तीन तथा दूसरी पाली में आठ सहित 11 कार्मिक गैरहाजिर रहे। ईवीएम मतगणना के लिए 95 पार्टियां तैयार की गई हैं, जिनमें से प्रत्येक पार्टी में एक माइक्रो ऑब्जर्वर, एक काउंटिंग सुपरवाइजर, एक काउंटिंग असिस्टेंट और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को शामिल किया गया है। इसके साथ ही वीवीपैट के लिए 50 कार्मिकों को भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर के रूप में डॉ. मनोज सिंह ने निर्वाचन आयोग द्वारा मतगणना के संबंध में निर्धारित प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी और ईवीएम काउंटिंग के दौरान की बारीकियों के बारे में विस्तृत रूप से समझाया गया। अपर प्रभारी अधिकारी कार्मिक राजेश कुमार ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी और प्रभारी अधिकारी कार्मिक के नेतृत्व में मतगणना कार्मिकों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो चुका है और दूसरे चरण का प्रशिक्षण नौ मार्च को प्रदान किया जाएगा। पोस्टल बैलेट की काउंटिंग के लिए तैनात किए गए 60 कार्मिकों को पांच मार्च को कलक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षण दिया जाएगा।