मोटर जलने के बाद बंद पड़ी पेयजल योजना खीरों की पानी की टंकी।
- फोटो : RAIBARAILY
खीरों (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र के खीरों कस्बा स्थित पानी की टंकी से जुड़े करीब 350 से ज्यादा घरों में पानी की सप्लाई पांच दिनों से ठप है।
करीब 10 हजार लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। जलनिगम ने मोटर ठीक होने भेजी पर अब तक बन कर नहीं आई। जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
खीरो कस्बे में लगी पानी की टंकी भरने के लिए दो नलकूप लगे हैं। पांच वर्ष पहले नलकूप संख्या एक की मोटर खराब हो गई थी। नलकूप संख्या दो की मोटर से टंकी पानी भरकर सप्लाई हो रही थी।
पांच दिन पहले यह मोटर भी खराब हो गई। इससे पानी की आपूर्ति बंद हो गई। ग्रामीणों ने जलनिगम के अधिकारियों से शिकायत की पर समस्या दूर नहीं हो पाई। मोटर बनने के लिए भेजी गई, लेकिन अब तक समस्या दूर नहीं हो पाई। इससे लोग परेशान है।
ग्रामीण शिवप्रकाश यादव, अजय चौरसिया, इरफान खां व राजकुमार मोटर की मरम्मत कराकर पेयजल आपूर्ति बहाल कराए जाने की मांग किया है। अधिशासी अभियंता जलनिगम ग्रामीण मोहित सिंह ने बताया कि नलकूप की मोटर जल गई थी, मरम्मत के लिए भेजा है। छुट्टी के कारण मोटर की मरम्मत में देरी हुई है। शीघ्र मोटर ठीक करवा कर पानी की आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।